14वीं JPSC सिविल सेवा परीक्षा : TDPL के मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी गिरफ्तार, JSSC-JPSC परीक्षाओं में फर्जीवाड़े का आरोप
गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड में आपूर्ति पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी को सीआईडी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर टीडीपीएल कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर रहते हुए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग और झारखंड लोक सेवा आयोग की कई परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा कर सफलता हासिल करने का आरोप है। नगड़ी निवासी एसएस शर्मा की ओर से इस संबंध में स्थानीय थाना, ईडी और सीआईडी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोपी को एक संगठित परीक्षा सिंडिकेट से जुड़ा बताया गया, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसी ने छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
Read Also: ‘कूल टीचर’ बनने के खतरे
चार प्रमुख परीक्षाओं में सफलता, सभी में गड़बड़ी के आरोप
शिकायत के अनुसार अभय कुमार तिवारी ने कई महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में संदिग्ध तरीके से सफलता प्राप्त की। इनमें पीजीटीटीसीई-2023 (रोल नंबर 10309146), JSSC सीजीएल-2023 (रोल नंबर 1237696, रैंक-2), एसीएफ पीटी परीक्षा 2024 (रोल नंबर 24300086), एमआरओ पीटी परीक्षा 2024 (रोल नंबर 24400147) और एफएसओ लिखित परीक्षा 2023 शामिल हैं। आरोप है कि इन सभी परीक्षाओं में उसने गलत तरीके अपनाकर सफलता हासिल की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी परीक्षा सिंडिकेट के माध्यम से संगठित तरीके से फर्जीवाड़े को अंजाम देता था। इन तथ्यों के सामने आने के बाद सीआईडी ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी का निर्णय लिया।
Read Also: भारतीयों का कम फीस में विदेश से MBBS करने का बढ़ता ट्रेंड, लेकिन FMGE पास करना बड़ी चुनौती
किराए के मकान से गिरफ्तारी, छापेमारी में 5 लाख नकद बरामद
सूत्रों के मुताबिक सीआईडी की टीम ने पोड़ैयाहाट के बांझी रोड स्थित एक किराए के मकान पर छापेमारी की, जहां से अभय कुमार तिवारी को हिरासत में लिया गया। छापेमारी के दौरान मकान से करीब पांच लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि टीम ने देर रात तक आरोपी से पूछताछ की, जिसमें परीक्षा सिंडिकेट और फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही पूरे पोड़ैयाहाट क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सीआईडी अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
——————————————————————————————————————
शिक्षा से जुड़ी हर बड़ी खबर, शिक्षा विभाग, यूनिवर्सिटी, कॉलेज-एडमिशन, परीक्षा और करियर अपडेट अब सीधे आपके मोबाइल पर। हमारे Education Jharkhand के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें और पाएं सबसे तेज और भरोसेमंद जानकारी।