14वीं JPSC सिविल सेवा परीक्षा : रांची में भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदर्शन, आयोग गेट पर टांगा बैनर “JPSC का रेट क्या है?”
राजधानी रांची में बुधवार को झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा परिणाम को लेकर माहौल गरमा गया, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा के हजारों कार्यकर्ता कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। पहले से सतर्क पुलिस प्रशासन ने परिसर और आसपास के इलाकों में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे, बावजूद इसके प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर बैरिकेडिंग तोड़ दी और मुख्य गेट तक पहुंच गए। इस दौरान गेट तोड़कर अंदर प्रवेश करने की कोशिश की गई, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मौके पर वाटर कैनन और अश्रु गैस वाहन भी तैयार रखे गए थे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य गेट पर “JPSC का रेट क्या है?” लिखा बैनर लगाने का प्रयास किया, जिसे सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल हटाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान गेट के बाहर हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।
Read Also: 14वीं JPSC संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा : सीआईडी-रांची पुलिस का आयोग में छापा, अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

नारेबाजी, मांगें और पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
प्रदर्शनकारी JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर आक्रोशित थे और उन्होंने परिणाम रद्द करने, पूरी परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने तथा अभ्यर्थियों के साथ न्याय की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालात को देखते हुए पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल, रैपिड एक्शन टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे। प्रदर्शन के दौरान मुख्य मार्गों पर यातायात भी प्रभावित हुआ और मेन रोड पूरी तरह जाम रहा। पुलिस ने JPSC कार्यालय की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर कई स्तरों की बैरिकेडिंग की थी, ताकि प्रदर्शनकारियों को परिसर के करीब पहुंचने से रोका जा सके। तैनात जवानों को संयम के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे।
Read Also: JPSC पर भरोसे का बड़ा संकट, 11 पुरानी परीक्षाएं CBI जांच में; नई भर्तियां भी विवादों में
कांग्रेस कार्यालय का भी घेराव, हुई नोंक-झोंक
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से मार्च करते हुए JPSC कार्यालय की ओर बढ़े। शशांक राज ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने राज्य के विभिन्न हिस्सों से रांची आ रहे कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोकने की कोशिश की, इसके बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। JPSC कार्यालय के घेराव के बाद कार्यकर्ता मेन रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसी भी टकराव की आशंका को देखते हुए वहां भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान मौके पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई नेता मौजूद रहे।

बाबूलाल मरांडी ने उठाए सवाल, प्रदर्शन के बाद हालात सामान्य
घेराव से पहले बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर 14वीं JPSC परीक्षा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम जारी किया गया, लेकिन उस पर सक्षम अधिकारी के हस्ताक्षर तक नहीं हैं। साथ ही अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट उपलब्ध नहीं कराई गई और आरटीआई के माध्यम से मांगी गई जानकारी का संतोषजनक जवाब भी नहीं मिला। उन्होंने सवाल किया कि जब प्रशासनिक अधिकारियों का चयन करने वाली संस्था की कार्यप्रणाली ही संदेह के घेरे में हो, तो युवाओं का भरोसा कैसे कायम रहेगा। उन्होंने युवाओं से इस आंदोलन में शामिल होकर पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग उठाने की अपील की। इधर, पूरे दिन चले प्रदर्शन के बाद शाम तक कार्यक्रम समाप्त हो गया और प्रदर्शनकारी वापस लौट गए। हालांकि बैरिकेडिंग तोड़ने और मुख्य गेट तक पहुंचने को लेकर कुछ देर तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस की सक्रियता से हालात नियंत्रण में आ गए और स्थिति सामान्य हो गई।
———————————————————————————————————
शिक्षा से जुड़ी हर बड़ी खबर, शिक्षा विभाग, यूनिवर्सिटी, कॉलेज-एडमिशन, परीक्षा और करियर अपडेट अब सीधे आपके मोबाइल पर। हमारे Education Jharkhand के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें और पाएं सबसे तेज और भरोसेमंद जानकारी।