21 अप्रैल से 21 मई तक JTET के लिए ऑनलाइन आवेदन, उम्रसीमा, सिलेबस, पासिंग मार्क्स, परीक्षा पैटर्न बदला
झारखंड में लगभग एक दशक के लंबे इंतजार के बाद शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य में 10 वर्ष बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) आयोजित की जाएगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत अभ्यर्थी 21 अप्रैल से 21 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह जैक की आधिकारिक वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in के माध्यम से होगी। परीक्षा दो अलग-अलग स्तरों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें कक्षा 1 से 5 तथा कक्षा 6 से 8 के लिए अलग-अलग प्रश्नपत्र होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी दोनों स्तर की परीक्षाओं में शामिल हो सकते हैं।
आयु सीमा में बड़ी राहत, पारा शिक्षक भी होंगे शामिल
परीक्षा में शामिल होने के लिए न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि अधिकतम आयु सीमा कार्मिक विभाग के नियमों के अनुसार लागू होगी। खास बात यह है कि अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में विशेष छूट दी गई है। वर्ष 2016 में पिछली परीक्षा आयोजित हुई थी, इसलिए इस बार अभ्यर्थियों को नौ वर्ष की अतिरिक्त छूट मिलेगी। इसके अलावा 58 वर्ष तक के पारा शिक्षक भी इस परीक्षा में भाग ले सकेंगे। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को शैक्षणिक और प्रशिक्षण योग्यता के अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। साथ ही, सभी अभ्यर्थियों के लिए किसी एक जनजातीय या क्षेत्रीय भाषा की परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य किया गया है।
सिलेबस और परीक्षा पैटर्न में बदलाव, फीस भी तय
जैक ने परीक्षा का सिलेबस भी जारी कर दिया है। कक्षा 1 से 5 के लिए प्रश्न पत्र का आधार प्राथमिक स्तर का होगा, लेकिन कठिनाई स्तर मैट्रिक के समकक्ष रहेगा। वहीं कक्षा 6 से 8 के लिए प्रश्न माध्यमिक स्तर के होंगे, जिनकी कठिनाई इंटरमीडिएट स्तर की होगी। परीक्षा 150 अंकों की होगी, जिसमें 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि ढाई घंटे निर्धारित की गई है और यह ओएमआर शीट पर ली जाएगी। दृष्टिबाधित दिव्यांग अभ्यर्थियों को 30 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। परीक्षा शुल्क सामान्य, ईडब्ल्यूएस और पिछड़ा वर्ग के लिए अधिकतम 1500 रुपये रखा गया है, जबकि एक स्तर की परीक्षा के लिए 1300 रुपये देने होंगे। एससी-एसटी और विशेष जनजातीय समूहों के लिए शुल्क में विशेष रियायत दी गई है।
पासिंग नियमों में राहत, ओवरऑल मार्क्स होंगे निर्णायक
इस बार परीक्षा के पासिंग नियमों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब अभ्यर्थियों को प्रत्येक विषय में अलग-अलग पास होना जरूरी नहीं होगा। ओवरऑल प्राप्त अंकों के आधार पर ही उन्हें उत्तीर्ण घोषित किया जाएगा। सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 60 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग के लिए 55 प्रतिशत और एससी, एसटी, दिव्यांग व विशेष जनजातीय समूह के लिए 52 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। इस बदलाव से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा से राज्य में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को भी गति मिलने की संभावना जताई जा रही है।
जेटेट में जिलावार भाषा
जिला : जनजातीय भाषा : क्षेत्रीय भाषा
रांची : कुडुख, खड़िया, मुंडारी, भूमिज : नागपुरी, पंचपरगनिया, कुरमाली, बंगला
लोहरदगा : कुडुख : नागपुरी
गुमला : कुडुख, खड़िया : नागपुरी
सिमडेगा : खड़िया, मुंडारी, कुडुख : नागपुरी
प सिंहभूम : हो, मुंडारी, कुडुख, संताली : कुरमाली, उड़िया
पू सिंहभूम : हो, मुंडारी, कुडुख, संताली, भूमिज : कुरमाली, उड़िया, बंगला
सरायकेला : हो, मुंडारी, संताली, भूमिज : पंचपरगनिया, उड़िया, बंगला, कुरमाली
लातेहार : कुडुख : नागपुरी
पलामू : कुडुख : नागपुरी
गढ़वा : कुडुख : नागपुरी
दुमका : संताली : खोरठा, बांग्ला
जामताड़ा : संताली : खोरठा, बांग्ला
साहिबगंज : संताली : खोरठा, बांग्ला
पाकुड़ : संताली : खोरठा, बांग्ला
गोड्डा : संताली : खोरठा
हजारीबाग : संताली, कुडुख : नागपुरी, कुरमाली, खोरठा : नागपुरी, कुरमाली, खोरठा
कोडरमा : संताली : कुरमाली, खोरठा
चतरा : संताली, कुडुख, मुंडारी : नागपुरी, खोरठा
बोकारो : संताली : नागपुरी, कुरमाली, खोरठा, बंगला
धनबाद : संताली : नागपुरी, कुरमाली, खोरठा, बंगला
गिरिडीह : संताली : खोरठा, कुरमाली
देवघर : संताली : खोरठा
रामगढ़ : संताली, कुडुख : नागपुरी, कुरमाली, खोरठा
खूंटी : कुड़ख, खड़िया : नागपुरी, पंचपरगनिया, कुरमाली
———————————————————————————
शिक्षा से जुड़ी हर बड़ी खबर, शिक्षा विभाग, यूनिवर्सिटी, कॉलेज-एडमिशन, परीक्षा और करियर अपडेट अब सीधे आपके मोबाइल पर। हमारे Education Jharkhand के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें और पाएं सबसे तेज और भरोसेमंद जानकारी।