Education Jharkhand

Edu Jharkhand Header
Breaking News
Top News
डीपीएस रांची में वार्षिक समारोह सह ओरिएंटेशन, ‘मैजिकल बबल्स’ थीम पर नन्हे बच्चों की प्रतिभा का प्रदर्शन

डीपीएस रांची में वार्षिक समारोह सह ओरिएंटेशन, ‘मैजिकल बबल्स’ थीम पर नन्हे बच्चों की प्रतिभा का प्रदर्शन

दिल्ली पब्लिक स्कूल रांची परिसर के विवेकानंद सभागार में आयोजित वार्षिक समारोह सह ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान भव्यता और युवा ऊर्जा से सराबोर नजर आया। ‘मैजिकल बबल्स – छोटे बत्तखों से सुंदर हंस तक’ थीम पर आधारित इस आयोजन में नन्हे विद्यार्थियों की परिवर्तनकारी यात्रा को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजेश्वरी बी मौजूद रहीं।

उन्होंने वरिष्ठ माध्यमिक विभाग की पत्रिका ‘डिप्स टाइम’ का विमोचन किया और अपने संबोधन में समग्र शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बौद्धिक क्षमता के साथ-साथ चरित्र निर्माण भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अनुशासन, ईमानदारी और जिज्ञासा को सफलता का आधार बताते हुए छात्रों को जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा दी।

प्राचार्य ने अभिभावकों को दिया साझेदारी का संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद स्वागत गीत ने माहौल को सौम्यता से भर दिया। इस दौरान पौधों का प्रस्तुतीकरण कर सतत विकास के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाया गया। विद्यालय की प्राचार्य डॉ. जया चौहान ने अपने संबोधन में नए अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि यह ओरिएंटेशन घर और स्कूल के बीच मजबूत साझेदारी की शुरुआत है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चा अपार संभावनाओं से भरा होता है, जिसे सही मार्गदर्शन और सहयोग से निखारा जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया और आश्वस्त किया कि विद्यालय सुरक्षित एवं प्रेरक वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, बच्चों ने बिखेरा जलवा

कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। कक्षा चार और पांच के विद्यार्थियों ने ‘डांस ऑफ द गोल्डन हार्वेस्ट’ के माध्यम से समृद्धि और उत्सव का संदेश दिया। वहीं नर्सरी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘ए जर्नी टू शाइन’ नृत्य नाटिका मुख्य आकर्षण रही, जिसमें बच्चों की मासूम अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

इस प्रस्तुति के जरिए यह संदेश दिया गया कि निरंतर प्रयास और सही मार्गदर्शन से हर बच्चा नई ऊंचाइयों को छू सकता है। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और गर्व का माहौल बना रहा।

————————————————————————————

शिक्षा से जुड़ी हर बड़ी खबर, शिक्षा विभाग, यूनिवर्सिटी, कॉलेज-एडमिशन, परीक्षा और करियर अपडेट अब सीधे आपके मोबाइल पर। हमारे Education Jharkhand के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें और पाएं सबसे तेज और भरोसेमंद जानकारी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *