अब शुरू हो जाएगा मेडिकल यूनिवर्सिटी रांची, गिरिडीह के रहने वाले डॉ. सुधीर गुप्ता बने पहले वाइस चांसलर
झारखंड में चिकित्सा शिक्षा को एकीकृत और सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने अहम कदम उठाया है। सरकार ने झारखंड स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रांची (मेडिकल यूनिवर्सिटी) को क्रियाशील बनाने के लिए डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता को इसका पहला कुलपति नियुक्त किया है। इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी। डॉ. सुधीर वर्तमान में एम्स, नई दिल्ली के फॉरेंसिक मेडिसिन एंड टॉक्सिलॉजी विभाग में विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। वह अधिकतम तीन वर्ष, 70 वर्ष की आयु या अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे।
ब्रांबे में बनेगा अस्थायी कैंपस, संचालन की तैयारी तेज
विश्वविद्यालय के संचालन के लिए रांची के ब्रांबे स्थित पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान परिसर को अस्थायी कैंपस के रूप में चिह्नित किया गया है। विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को परिसर को तत्काल विश्वविद्यालय के लिए हस्तांतरित करने का निर्देश दिया है। सरकार का उद्देश्य जल्द से जल्द विश्वविद्यालय को क्रियाशील बनाकर राज्य में चिकित्सा शिक्षा के ढांचे को मजबूत करना है। इससे प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों में गति आने की उम्मीद है।
सभी मेडिकल संस्थान आएंगे एक छत के नीचे
विश्वविद्यालय के गठन के बाद राज्य के सभी मेडिकल, डेंटल, नर्सिंग और पैरामेडिकल संस्थान एकीकृत ढांचे के अंतर्गत आ जाएंगे। इससे पढ़ाई, परीक्षा, संबद्धता और मान्यता से जुड़े कार्यों में एकरूपता आएगी। साथ ही अंडर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट सीटों में वृद्धि की प्रक्रिया भी सरल और पारदर्शी होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे राज्य में चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और छात्रों को बेहतर अवसर मिलेंगे।
रिसर्च को बढ़ावा देने की होगी प्राथमिकता
नियुक्ति के बाद डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता ने कहा कि उनकी प्राथमिकता राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगी, ताकि गंभीर बीमारियों पर अधिक शोध हो सके। उन्होंने बताया कि वे मूल रूप से गिरिडीह जिले के मंझने गांव के निवासी हैं। प्रारंभिक शिक्षा गिरिडीह में पूरी करने के बाद उन्होंने हजारीबाग के संत कोलंबस कॉलेज और फिर एमजीएम मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर से एमबीबीएस किया, जहां उन्हें गोल्ड मेडल मिला। डॉ. गुप्ता देश की कई चर्चित घटनाओं, जिनमें निर्भया और अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत प्रकरण शामिल हैं, की फॉरेंसिक जांच में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।
—————————————————————————————————
शिक्षा से जुड़ी हर बड़ी खबर, शिक्षा विभाग, यूनिवर्सिटी, कॉलेज-एडमिशन, परीक्षा और करियर अपडेट अब सीधे आपके मोबाइल पर। हमारे Education Jharkhand के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें और पाएं सबसे तेज और भरोसेमंद जानकारी।