CBSE Board Exam : प्राइवेट छात्रों के एडमिट कार्ड जारी, रेगुलर को स्कूल से मिलेगा प्रवेश पत्र, प्राइवेट कैंडिडेट खुद करें डाउनलोड
सीबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की मुख्य परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। परीक्षा से पहले बोर्ड ने प्राइवेट श्रेणी के छात्रों के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। जिन छात्रों ने प्राइवेट कैंडिडेट, कंपार्टमेंट, इम्प्रूवमेंट या एसेंशियल रिपीट श्रेणी के तहत परीक्षा फॉर्म भरा था, वे अब अपना प्रवेश पत्र ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि समय रहते एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और उसमें दर्ज सभी जानकारियों की जांच कर लें।
प्राइवेट छात्र सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in या cbseit.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए छात्रों को अपनी डिटेल्स भरकर लॉगिन करना होगा। वहीं, नियमित (रेगुलर) छात्र-छात्राओं के लिए एडमिट कार्ड सीधे स्कूलों के माध्यम से जारी किए जाएंगे। बोर्ड की ओर से रेगुलर छात्रों के हॉल टिकट परीक्षा से करीब 15 दिन पहले जारी किए जाने की संभावना है। अनुमान है कि यह प्रक्रिया 2 से 4 फरवरी 2026 के बीच पूरी हो सकती है।
सुबह 10:30 बजे से होगी परीक्षा, समय से पहले पहुंचना जरूरी
सीबीएसई की सभी बोर्ड परीक्षाएं एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा। हालांकि कुछ विषयों की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने निर्देश दिया है कि परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से कम से कम 45 से 60 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। एडमिट कार्ड के बिना किसी भी छात्र को परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं मिलेगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड पर छात्र के साथ-साथ उनके माता-पिता या अभिभावक का हस्ताक्षर होना अनिवार्य है। परीक्षा के दौरान केवल पारदर्शी पेन, पेंसिल और आवश्यक स्टेशनरी ही ले जाने की अनुमति होगी। किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर कार्रवाई की जा सकती है।
गलती मिलने पर तुरंत करें संपर्क
एडमिट कार्ड में छात्र का नाम, रोल नंबर, विषयवार परीक्षा तिथि, थ्योरी व प्रैक्टिकल परीक्षा का विवरण, परीक्षा केंद्र का पता, सेंटर कोड और जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। यदि इनमें किसी प्रकार की गलती पाई जाती है तो छात्र तुरंत संबंधित क्षेत्रीय सीबीएसई कार्यालय या स्कूल से संपर्क करें, ताकि समय रहते सुधार कराया जा सके। बोर्ड ने सभी छात्रों से निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने और उनका पालन करने की अपील की है।
—————————————————————————————————————
शिक्षा से जुड़ी हर बड़ी खबर, शिक्षा विभाग, यूनिवर्सिटी, कॉलेज-एडमिशन, परीक्षा और करियर अपडेट अब सीधे आपके मोबाइल पर। हमारे Education Jharkhand के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें और पाएं सबसे तेज और भरोसेमंद जानकारी।