झारखंड के सरकारी स्कूलों में रैली-प्रभात फेरी पर रोक, 2026 से छुट्टियों का नया कैलेंडर लागू
झारखंड के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियों को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से राज्य सरकार और झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (JCERT) ने वर्ष 2026 के लिए एकीकृत अवकाश तालिका लागू की है। इसके तहत राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस और गांधी जयंती के अलावा किसी भी अवसर पर स्कूल समय के दौरान रैली या प्रभात फेरी आयोजित नहीं की जा सकेगी।
यदि केंद्र या राज्य सरकार के निर्देश पर किसी अन्य अवसर पर कार्यक्रम करना आवश्यक हुआ, तो वह केवल अपराह्न तीन बजे के बाद ही आयोजित किया जाएगा। JCERT के निदेशक शशि रंजन ने स्पष्ट किया है कि इन निर्देशों का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा, ताकि बच्चों की नियमित पढ़ाई पर कोई असर न पड़े। इसके साथ ही शिक्षा विभाग के अलावा अन्य विभागों द्वारा स्कूलों में जागरूकता या उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित करने से पहले शिक्षा विभाग से पूर्व स्वीकृति लेना अनिवार्य किया गया है।
ग्रीष्मावकाश बढ़ा, शीतकालीन छुट्टियां तय
एकीकृत अवकाश तालिका को लेकर शिक्षकों और विद्यार्थियों में किसी तरह का भ्रम न रहे, इसके लिए JCERT ने विस्तृत स्पष्टीकरण भी जारी किया है। नई व्यवस्था के अनुसार वर्ष 2026 में ग्रीष्मावकाश 14 दिनों के बजाय 16 दिनों का होगा। दरअसल, इस बार दो अवकाश तृतीय शनिवार को पड़ रहे हैं, जबकि तृतीय शनिवार को स्कूलों में पहले से ही अवकाश रहता है। इन्हीं दो दिनों को समायोजित करते हुए ग्रीष्मावकाश में दो अतिरिक्त दिन जोड़े गए हैं। वहीं शीतकालीन अवकाश आठ दिनों का निर्धारित किया गया है। मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार या जिला प्रशासन के स्तर पर इन अवकाशों को बढ़ाने का अधिकार भी सुरक्षित रखा गया है।
स्थानीय पर्वों को भी मिला स्थान, सभी स्कूलों में लागू
नई अवकाश तालिका के तहत जिला स्तर पर स्थानीय पर्व-त्योहारों को ध्यान में रखते हुए पांच दिनों का अतिरिक्त अवकाश तय किया जाएगा। यह एकीकृत अवकाश तालिका न केवल सरकारी स्कूलों, बल्कि सहायता प्राप्त और अनुदानित अल्पसंख्यक स्कूलों में भी लागू होगी। प्राथमिक, माध्यमिक और प्लस टू स्तर के सभी विद्यालय इसके दायरे में आएंगे।
तालिका को समावेशी बताते हुए JCERT ने कहा है कि इसमें सभी वर्गों और धर्मों के पर्व-त्योहारों का संतुलित रूप से ध्यान रखा गया है। शीतकालीन और ग्रीष्मावकाश को मिलाकर सरकारी स्कूलों में कुल 60 दिनों का अवकाश घोषित किया गया है, जिससे पढ़ाई और विश्राम के बीच बेहतर संतुलन बनाने की कोशिश की गई है।
—————————————————————————————————————
शिक्षा से जुड़ी हर बड़ी खबर, शिक्षा विभाग, यूनिवर्सिटी, कॉलेज-एडमिशन, परीक्षा और करियर अपडेट अब सीधे आपके मोबाइल पर। हमारे Education Jharkhand के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें और पाएं सबसे तेज और भरोसेमंद जानकारी।