XLRI का नया कैंपस अब आंध्र प्रदेश के अमरावती में भी, 300 करोड़ के निवेश से बनेगा मॉर्डन कैंपस
जमशेदपुर स्थित प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआइ (जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट) अब आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में अपना नया कैंपस स्थापित करेगा। इसके लिए आंध्र प्रदेश कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी के साथ औपचारिक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। संस्थान प्रबंधन के अनुसार, यह कैंपस करीब 61.7 एकड़ भूमि में विकसित किया जाएगा, जिस पर लगभग 300 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस नए परिसर को ‘कैंपस ऑफ इनफाइनाइट गुडनेस’ के रूप में विकसित करने की योजना है, जो आधुनिक शिक्षा के साथ सामाजिक मूल्यों को भी बढ़ावा देगा।
इनोवेशन और सस्टेनेबिलिटी पर रहेगा फोकस
एक्सएलआरआइ प्रबंधन का लक्ष्य इस कैंपस को एक भविष्योन्मुखी शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। यहां वैश्विक मानकों के अनुरूप शिक्षा के साथ-साथ सस्टेनेबिलिटी और इनोवेशन पर विशेष जोर दिया जाएगा। संस्थान के निदेशक फादर जॉर्ज सेबेस्टियन एसजे ने कहा कि यह कैंपस एक ऐसा इकोसिस्टम बनेगा, जहां इनोवेटिव और जिम्मेदार नेतृत्व विकसित होगा, जो समाज की बेहतरी के लिए कार्य करेगा। यह पहल न केवल आंध्र प्रदेश के शैक्षणिक परिदृश्य को मजबूत करेगी, बल्कि देश को एक वैश्विक एजुकेशन हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
पहले चरण में 1000 छात्रों का नामांकन
संस्थान की योजना है कि पहले चरण में करीब 1000 नियमित छात्रों के लिए इंटीग्रेटेड प्रोग्राम शुरू किए जाएं। इसके साथ ही 200 वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए विशेष एग्जीक्यूटिव एजुकेशन प्रोग्राम भी संचालित किए जाएंगे। प्रबंधन का मानना है कि अमरावती की भौगोलिक स्थिति और तेजी से विकसित हो रहा गवर्नेंस हब इसे मैनेजमेंट एजुकेशन के लिए एक आदर्श स्थान बनाता है। इससे देश-विदेश के छात्रों को आकर्षित करने में भी मदद मिलेगी।
दक्षिण भारत में मजबूत होगी एक्सएलआरआइ की मौजूदगी
वर्ष 1949 में स्थापित एक्सएलआरआइ देश के प्रमुख प्रबंधन संस्थानों में गिना जाता है। जमशेदपुर और दिल्ली-एनसीआर के बाद अमरावती इसका तीसरा बड़ा कैंपस होगा। नए कैंपस के माध्यम से संस्थान दक्षिण भारत में अपनी पकड़ और मजबूत करेगा। साथ ही, यह पहल क्षेत्रीय विकास और उच्च शिक्षा के विस्तार में भी अहम भूमिका निभाएगी।
—————————————————————————————————————
शिक्षा से जुड़ी हर बड़ी खबर, शिक्षा विभाग, यूनिवर्सिटी, कॉलेज-एडमिशन, परीक्षा और करियर अपडेट अब सीधे आपके मोबाइल पर। हमारे Education Jharkhand के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें और पाएं सबसे तेज और भरोसेमंद जानकारी।