Ranchi University में पढ़ाई का हाल बेहाल, UG में 30 हजार से अधिक स्टूडेंट्स ने नहीं लिया एडमिशन..वजह सेशन लेट
रांची विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र लगभग एक वर्ष विलंब होने और शिक्षकों की कमी का सीधा असर कॉलेजों में यूजी (स्नातक) सेमेस्टर-एक (सत्र 2025-28/29) के नामांकन पर पड़ा है। स्थिति यह है कि चांसलर पोर्टल के माध्यम से स्नातक में नामांकन के लिए कुल 73,793 विद्यार्थियों ने आवेदन के साथ शुल्क जमा किया, लेकिन अब तक केवल 43,285 विद्यार्थियों ने ही कॉलेजों में नामांकन लिया है। यानी 30,508 विद्यार्थियों ने अब तक नामांकन नहीं कराया है। विश्वविद्यालय के अधिकारियों का मानना है कि सत्र की देरी और शिक्षकों की कमी के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अन्य विकल्प तलाश लिये हैं या नामांकन टाल दिया है। विवि प्रशासन का कहना है कि सत्र को नियमित करने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं, ताकि आगे नामांकन और पढ़ाई की प्रक्रिया समय पर चल सके।
पीजी नामांकन भी प्रभावित, कक्षाएं शुरू नहीं
सत्र विलंब का असर पीजी सेमेस्टर-एक के नामांकन पर भी पड़ा है। जिन विषयों में नामांकन जुलाई-अगस्त 2025 तक पूरा हो जाना चाहिए था, उनमें 2026 तक भी नामांकन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने लगभग तीन माह पहले ही पीजी वोकेशनल सेमेस्टर-एक में नामांकन की प्रक्रिया चांसलर पोर्टल के माध्यम से शुरू करायी थी। इसके तहत विश्वविद्यालय के पीजी विभाग और तीन कॉलेजों में नामांकन के लिए कुल 1,077 आवेदन आये हैं। इनमें पीजी विभाग में 458, मारवाड़ी कॉलेज रांची में 521, डोरंडा कॉलेज रांची में 69 तथा रांची वीमेंस कॉलेज में 29 आवेदन प्राप्त हुए हैं। हालांकि पीजी विभाग में एलएलएम और बायोटेक्नोलॉजी में नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है, लेकिन अब तक कक्षाएं शुरू नहीं हो सकी हैं।
यूजी रिजल्ट के बाद ही आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार कक्षाएं शुरू नहीं होने का मुख्य कारण यूजी सेमेस्टर-छह का परिणाम अब तक जारी नहीं होना है। परिणाम जारी होने के बाद ही बड़ी संख्या में विद्यार्थी पीजी में नामांकन ले सकेंगे। इसके लिए छह मूल्यांकन केंद्र बनाये गये हैं और परिणाम मार्च के अंतिम सप्ताह तक जारी होने की संभावना जतायी जा रही है। परिणाम जारी होने के बाद ही पीजी में नामांकन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। वहीं सत्र को पटरी पर लाने के लिए पीजी सेमेस्टर-एक के छह माह के सेमेस्टर को छोटा कर जल्द परीक्षा लेने की योजना बनायी जा रही है। इसके साथ ही यूजी सेमेस्टर-सात और आठ की परीक्षाएं भी अक्तूबर-नवंबर 2026 तक आयोजित करने की संभावना जतायी जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इन कदमों से सत्र को धीरे-धीरे नियमित किया जा सकेगा।
कॉलेज : आवेदन के साथ पैसा जमा : नामांकन लिया
· डोरंडा कॉलेज : 5693 : 3008
· रांची वीमेंस कॉलेज : 4535 : 1979
· मारवाड़ी कॉलेज : 7971 : 3201
· जेएन कॉलेज : 1036 : 781
· बिरसा कॉलेज, खूंटी : 3084 : 2253
· बीएनजे कॉलेज, सिसई : 871 : 721
· बीएस कॉलेज, लोहरदगा : 4337 : 2851
· केसी भगत कॉलेज, बेड़ो : 1876 : 1406
· केओ कॉलेज, गुमला : 3986 : 2762
· आरएलएसवाइ कॉलेज : 2884 : 1537
· मांडर कॉलेज : 2599 : 1654
· मारवाड़ी वीमेंस कॉलेज : 2601 : 1561
· एसएस मेमोरियल कॉलेज : 2861 : 1982
· सिमडेगा कॉलेज : 1641 : 1361
· संत जेवियर्स कॉलेज, रांची : 7925 : 3156
· निर्मला कॉलेज : 1238 : 706
· मौलाना आजाद कॉलेज : 348 : 261
· गोस्सनर कॉलेज : 5286 : 2330
· सिल्ली कॉलेज : 1461 : 1298
· संत पॉल्स कॉलेज : 2303 : 1262
· वीमेंस कॉलेज, लोहरदगा : 285 : 200
· वीमेंस कॉलेज, गुमला : 177 : 120
· वीमेंस कॉलेज, सिमडेगा : 32 : 21
· योगदा सत्संग कॉलेज : 1341 : 989
· पीपीके कॉलेज, बुड़ू : 3991 : 2769
· एसजीएम कॉलेज, पंडरा : 736 : 503
—————————————————————————————————————
शिक्षा से जुड़ी हर बड़ी खबर, शिक्षा विभाग, यूनिवर्सिटी, कॉलेज-एडमिशन, परीक्षा और करियर अपडेट अब सीधे आपके मोबाइल पर। हमारे Education Jharkhand के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें और पाएं सबसे तेज और भरोसेमंद जानकारी।