Ranchi University : शिक्षकों का 14 लाख रुपए बकाया, 20 हजार कॉपियां अटकीं, यूजी वोकेशनल सेमेस्टर-टू का रिजल्ट पेंडिंग
रांची विश्वविद्यालय में यूजी वोकेशनल सेमेस्टर-टू (सत्र 2023-27, एनइपी) की उत्तर पुस्तिकाओं को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। परीक्षकों ने कॉपियों का मूल्यांकन तो कर लिया, लेकिन मानदेय भुगतान नहीं होने के कारण उन्होंने जांची गई उत्तर पुस्तिकाएं लौटाने से साफ इंकार कर दिया। जब विश्वविद्यालय के अधिकारी और कर्मचारी कॉपियां लेने पहुंचे, तो परीक्षकों ने पहले भुगतान करने की शर्त रख दी। इस स्थिति के कारण परीक्षा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया पूरी तरह बाधित हो गई है और छात्रों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
Read Also : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा में बड़ा बदलाव: अब विषयवार पास होना जरूरी नहीं, ओवरऑल कटऑफ से लाना अनिवार्य
60 हजार में से 40 हजार कॉपियां लौटीं, 20 हजार अब भी अटकीं
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर करीब 6 हजार और राज्य से बाहर लगभग 60 हजार उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए भेजी थीं। बाहरी परीक्षकों से लगातार संपर्क और आश्वासन के बाद करीब 40 हजार कॉपियां वापस मिल गई हैं, लेकिन अब भी लगभग 20 हजार उत्तर पुस्तिकाएं अटकी हुई हैं। प्रशासन ने दोबारा अधिकारियों और कर्मचारियों को भेजा है, जो छात्रहित का हवाला देकर और जल्द भुगतान का भरोसा देकर शेष कॉपियां लाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, बिना भुगतान के परीक्षक तैयार नहीं हो रहे हैं।
14 लाख का भुगतान लंबित, अपने शिक्षकों के भी 50 लाख बकाया
बताया गया है कि इस मूल्यांकन कार्य के लिए करीब 14 लाख रुपये का मानदेय भुगतान किया जाना है, जो अब तक लंबित है। हैरानी की बात यह है कि विश्वविद्यालय ने अपने ही शिक्षकों का भी भुगतान पिछले करीब तीन वर्षों से नहीं किया है। प्रश्नपत्र सेटिंग और कॉपी मूल्यांकन के एवज में शिक्षकों के लगभग 50 लाख रुपये बकाया हैं। ऐसे में शिक्षकों और बाहरी परीक्षकों दोनों में नाराजगी देखी जा रही है, जिसका सीधा असर शैक्षणिक कार्यों पर पड़ रहा है।
परीक्षा नियंत्रक का दावा- जल्द जारी होगा रिजल्ट
मामले के तूल पकड़ने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया है। परीक्षा नियंत्रक ने दावा किया है कि रिजल्ट शीघ्र जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानदेय भुगतान की संचिका प्रक्रिया में होने के कारण विलंब हुआ है, लेकिन अधिकांश उत्तर पुस्तिकाएं वापस मंगा ली गई हैं। जो कॉपियां बची हैं, उन्हें भी एक-दो दिनों में प्राप्त कर लिया जाएगा। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और छात्रों को राहत देने की कोशिश में जुटा हुआ है।
——————————————————————————————————
शिक्षा से जुड़ी हर बड़ी खबर, शिक्षा विभाग, यूनिवर्सिटी, कॉलेज-एडमिशन, परीक्षा और करियर अपडेट अब सीधे आपके मोबाइल पर। हमारे Education Jharkhand के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें और पाएं सबसे तेज और भरोसेमंद जानकारी।