मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में पांच विभागों में 20 सीटों पर होगी पीजी की पढ़ाई, बीच में छोड़ने पर 30 लाख रुपए का लगेगा जुर्माना
मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में पीजी (पोस्ट ग्रेजुएट) कोर्स शुरू करने की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। कॉलेज में कुल 20 सीटों पर नामांकन की योजना बनाई गई है। इन सीटों का विभाजन एनाटॉमी, बायोकेमेस्ट्री, नेत्र रोग, पैथोलॉजी और मेडिसिन विभाग में चार-चार सीटों के रूप में किया गया है।
एमबीबीएस के बाद पीजी करने के इच्छुक छात्रों को पहले नीट पीजी परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की सूची सरकार की ओर से भेजी जाएगी, जिसके आधार पर ही कॉलेज में नामांकन होगा। पीजी कोर्स की अवधि तीन वर्ष निर्धारित की गई है। यदि कोई छात्र इस अवधि से पहले पढ़ाई छोड़ता है, तो उसे 30 लाख रुपये का जुर्माना देना होगा, ताकि छात्र अपनी पढ़ाई गंभीरता से पूरी करें।
Read Also: IIT Dhanbad से करें एक्जीक्यूटिव एमबीए, 31 मई तक आवेदन का मौका, 100 सीटें, दो साल की फीस 6 लाख रुपये
निरीक्षण पूरा, एनएमसी की मंजूरी का इंतजार
कॉलेज की तैयारियों का आकलन करने के लिए 18 मार्च को विश्वविद्यालय और रिम्स के विशेषज्ञों की चार सदस्यीय टीम ने निरीक्षण किया। इस टीम में विश्वविद्यालय की ओर से डीन साइंस डॉ. गजेंद्र सिंह और डॉ. श्रवण कुमार शामिल थे। जबकि रिम्स से डॉ. पंकज बोदरा और रिशी टुफिम गुड़िया मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जेएस राव भी उपस्थित थे। निरीक्षण रिपोर्ट विश्वविद्यालय द्वारा तैयार कर नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) को भेजी जाएगी। एनएमसी की स्वीकृति मिलने के बाद ही यहां पीजी कोर्स की औपचारिक शुरुआत हो सकेगी।
स्थानीय छात्रों को मिलेगा लाभ, स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, पीजी पाठ्यक्रम शुरू होने से क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम हो जाएगी। उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा शिक्षा मिल सकेगी। साथ ही, इस पहल से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि जिन पांच विभागों में पीजी की पढ़ाई शुरू की जाएगी, वहां सभी आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे छात्रों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी और वे बेहतर माहौल में अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगे।
—————————————————————————
शिक्षा से जुड़ी हर बड़ी खबर, शिक्षा विभाग, यूनिवर्सिटी, कॉलेज-एडमिशन, परीक्षा और करियर अपडेट अब सीधे आपके मोबाइल पर। हमारे Education Jharkhand के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें और पाएं सबसे तेज और भरोसेमंद जानकारी।