CBSE Board Exam 2026 : 17 फरवरी से 9 मार्च तक सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी परीक्षा, मार्किंग स्कीम भी जारी
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2026 की डेटशीट जारी कर दी है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। कक्षा 10वीं की परीक्षा 9 मार्च 2026 तक चलेगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल 2026 को समाप्त होंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी।
विद्यार्थियों के पास पांच महीने की तैयारी का समय
बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के पास लगभग पांच महीने का समय है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस समय का सही उपयोग कर छात्र बेहतर अंक प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें समय पर पुनरावृत्ति के साथ-साथ सैंपल पेपर्स का अभ्यास करना चाहिए।
सैंपल पेपर्स से होगी तैयारी आसान
सीबीएसई ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट cbseacademic.nic.in पर कक्षा 10वीं और 12वीं के सैंपल पेपर्स और मार्किंग स्कीम उपलब्ध करा दी है। इन सैंपल पेपर्स की मदद से विद्यार्थी प्रश्नपत्र की शैली, अंक विभाजन और परीक्षा पैटर्न को समझ सकते हैं। सैंपल पेपर्स में जनरल इंस्ट्रक्शन से लेकर सेक्शन वाइज मार्क्स तक की पूरी जानकारी दी गई है, जो छात्रों को परीक्षा की तैयारी में मददगार साबित होगी।
प्रमुख विषयों की मार्किंग स्कीम भी जारी
बोर्ड ने अंग्रेजी, गणित, हिंदी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, लेखा, व्यावसायिक अध्ययन, कंप्यूटर अनुप्रयोग, भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीवविज्ञान जैसे प्रमुख विषयों की मार्किंग स्कीम भी जारी की है। इसके अलावा असमिया, बंगाली, भरतनाट्यम, भूटिया, हिंदुस्तानी संगीत, कर्नाटक संगीत, चित्रकला और अरबी जैसे विषयों की मार्किंग स्कीम भी उपलब्ध है। इसका उद्देश्य छात्रों को पाठ्यक्रम और प्रश्नपत्र की रूपरेखा से पूरी तरह अवगत कराना है।
—————————————————————————————————————————————————
शिक्षा से जुड़ी हर बड़ी खबर, शिक्षा विभाग, यूनिवर्सिटी, कॉलेज-एडमिशन, परीक्षा और करियर अपडेट अब सीधे आपके मोबाइल पर। हमारे Education Jharkhand के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें और पाएं सबसे तेज और भरोसेमंद जानकारी।